लसूड़िया थाना क्षेत्र के मायाखेड़ी गांव में SDRF ने रातभर चलाया सर्च ऑपरेशन, सुबह नाले में फंसा मिला शव
इंदौर, 18 सितम्बर। शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। मायाखेड़ी गांव के पास 8 वर्षीय बच्चा राजवीर नाले के तेज बहाव में बह गया। रात भर चले सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह बच्चे का शव बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, राजवीर अपने पिता रामपाल के साथ घर के पास आया था। पिता ने बाइक खड़ी करने के लिए उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया और खुद कुछ दूर चले गए। इसी दौरान अचानक सड़क पर बह रहे पानी ने बच्चे को बहा दिया और वह नाले में जा गिरा।
घटना की जानकारी मिलते ही SDRF की टीम ने देर रात तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह पानी का बहाव कम होने पर टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया और घंटों की मशक्कत के बाद बच्चे का शव नाले में फंसा हुआ बरामद किया।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिय ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया था। प्रारंभिक जांच के बाद लसूड़िया थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
