देवी अहिल्या विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न
महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल की अध्यक्षता में 17 फरवरी को होगा समारोह
217 स्वर्ण–रजत पदक, 2 डी.लिट् और 220 पीएचडी उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी

इंदौर, 16 फरवरी 2026: देवी अहिल्या विश्वविद्यालय का गौरवशाली दीक्षांत समारोह मंगलवार, 17 फरवरी को तक्षशिला परिसर स्थित लोकमाता देवी अहिल्या सभागृह में सुबह 11.30 बजे से आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगुभाई पटेल करेंगे। अंतिम पूर्वाभ्यास सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

विश्वविध्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई ने बताया कि विश्वविद्यालय की दीक्षांत परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जा रहा है। समारोह में दो शोधार्थियों को डी.लिट् तथा 220 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। साथ ही मेधावी विद्यार्थियों को कुल 217 स्वर्ण और रजत पदकों से अलंकृत किया जाएगा।

समारोह में पद्मश्री नारायण व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथियों में सांसद शंकर लालवानी और विधायक राकेश शुक्ला शामिल होंगे।

कुलसचिव प्रज्ज्वल खरे ने बताया कि समारोह की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। अंतिम रिहर्सल में कुलगुरु, कार्यपरिषद सदस्य और सभी विभागाध्यक्ष शामिल हुए। इसी दौरान विद्यार्थियों और शोधार्थियों को विशेष गणवेश का वितरण भी किया गया।

साक्षी जैन को सर्वाधिक 6 स्वर्ण पदक

वर्ष 2023–24 और 2024–25 के दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में बीई सिविल इंजीनियरिंग की छात्रा साक्षी जैन (2024–25) को सर्वाधिक 6 स्वर्ण पदक प्राप्त हुए। वहीं भव्या त्रिपाठी (2023–24) को 5 स्वर्ण पदक मिले।

पदक विवरण (संक्षेप):

  • 2023–24:
    • भव्या त्रिपाठी (बीई, सिविल) – 5 स्वर्ण
    • अनुष्का गौड़ (बीई, कंप्यूटर साइंस) – 3 स्वर्ण
    • सना शेख (एलएलबी) – 3 स्वर्ण
  • 2024–25:
    • साक्षी जैन (बीई, सिविल) – 6 स्वर्ण
    • सौम्य जेम्स (बीए) – 2 स्वर्ण, 1 रजत
    • क्षुति पाटिल (एमएससी, रसायन विज्ञान) – 3 स्वर्ण
    • प्रांजल सक्सेना (बीई, मैकेनिकल) – 3 स्वर्ण
    • वर्तिका कुमारी (एलएलबी) – 3 स्वर्ण
    • अश्मित सलुजा (एमएससी, गृह विज्ञान) – 2 स्वर्ण, 1 रजत
    • अनुराग यादव (बीई, कंप्यूटर साइंस) – 3 स्वर्ण
    • भावना नानेरिया (एमएड) – 3 स्वर्ण

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।