दोनों पक्षों ने दर्ज कराई एफआईआर
इंदौर, 27 फरवरी 2026। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र में एक वकील के घर में घुसकर मारपीट का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 25 फरवरी की रात की बताई जा रही है। आरोप है कि घटना दिनांक को रात में एक टैंकर ने वकील की कार को टक्कर मार दी जिसके बाद दोनों में विवाद शुरू हुआ और आरोपी पक्ष ने वकील के घर में घुसकर वकील और उनके बुजुर्ग माता-पिता के साथ मारपीट का प्रयास और अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने वकील की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वकील की ओर से भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा
धारा 331 (4) – घर में घुसकर चोट पहुंचाने/हमला करने से संबंधित प्रावधान,
धारा 281 – लापरवाही पूर्वक वाहन चलाना
धारा 296 (बी) – अश्लील गाली-गलौज/अशोभनीय आचरण
धारा 3(5) – समान आशय/साझा आपराधिक कृत्य से संबंधित प्रावधान
धारा 351 (3) – आपराधिक धमकी (जान से मारने की धमकी)
के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं दूसरी ओर आरोपी पक्ष के गौरव चौधरी ने भी वकील के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपी पक्ष की ओर से
धारा 296 (बी) – गाली-गलौज/अशोभनीय व्यवहार
धारा 115 (2) – स्वेच्छा से चोट पहुंचाने का प्रयास
धारा 351 (3) – आपराधिक धमकी
धारा 35 – सामान्य आशय/साझा जिम्मेदारी से संबंधित प्रावधान
के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक वकील ने अपनी शिकायत में बताया कि एक ट्रैक्टर पानी के टैंकर सहित उनके घर के सामने तेज गति और लापरवाही से लाया गया, जिससे उनकी कार को टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया गया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद हॉस्टल में रहने वाले दो युवक उनके पास आए, जिनमें से एक के मुंह से शराब की गंध आ रही थी। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक और दोनों युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ देर बाद ट्रैक्टर का मालिक गौरव भी मौके पर पहुंच गया। वकील का आरोप है कि इसके बाद सभी लोग उनके घर में घुसकर मारपीट करने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर अश्लील गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई।
क्षेत्र में अवैध हॉस्टलों पर सवाल
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भंवरकुआ थाना क्षेत्र में कई हॉस्टल कथित रूप से अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। आरोप है कि कुछ स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियां भी चलती हैं। नशे की हालत में युवाओं द्वारा हंगामा करने और रहवासियों से विवाद की स्थिति बनने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
