NTA की कार्यप्रणाली के स्वतंत्र ऑडिट, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और प्रभावित विद्यार्थियों के लिए काउंसलिंग व्यवस्था की माँग की
इंदौर, 15 मई 2026 : अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) की देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर इकाई ने NEET-UG 2026 परीक्षा में सामने आए प्रश्नपत्र लीक एवं अनियमितताओं के मामले की कड़े शब्दों में निंदा की है। महासंघ ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं में से एक की निष्पक्षता पर सवाल उठना अत्यंत गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
महासंघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा परीक्षा निरस्त किए जाने तथा केंद्र सरकार द्वारा मामले की जाँच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने का निर्णय परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता एवं विश्वास बहाल करने की दिशा में आवश्यक कदम है।
महासंघ की देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष डॉ. सुरेश पाटीदार एवं सचिव डॉ. सखाराम मुजाल्दे ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षाएँ केवल प्रवेश प्रक्रिया नहीं, बल्कि लाखों विद्यार्थियों के वर्षों के परिश्रम, समर्पण और सपनों का आधार होती हैं। ऐसे में परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता विद्यार्थियों के मानसिक संतुलन और मनोबल को प्रभावित करने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को भी आघात पहुँचाती है। विज्ञप्ति में विद्यार्थियों द्वारा व्यक्त मानसिक तनाव और असुरक्षा की भावना को गंभीर विषय बताते हुए प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए मनोवैज्ञानिक परामर्श एवं सहायता व्यवस्था उपलब्ध कराने की माँग की गई है।
महासंघ की विश्वविद्यालय इकाई ने केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों से पाँच प्रमुख माँगें रखीं, जिनमें प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में शामिल सभी व्यक्तियों और नेटवर्क के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई, NTA की परीक्षा प्रक्रिया और सुरक्षा तंत्र का स्वतंत्र ऑडिट, पुनर्परीक्षा को पारदर्शी एवं सुरक्षित तरीके से आयोजित करना, विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए काउंसलिंग व्यवस्था तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए तकनीकी सुरक्षा एवं जवाबदेही तंत्र को और मजबूत बनाने की माँग शामिल है। महासंघ ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बनाए रखना राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है और परीक्षा प्रणाली की पवित्रता बनाए रखने हेतु सभी संबंधित एजेंसियों एवं शैक्षणिक संस्थाओं को उत्तरदायी भूमिका निभानी होगी।
