खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी, 23 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
इंदौर, 25 जून 2026। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर नियंत्रण के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 23 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा स्कीम नंबर 74, विजय नगर स्थित प्रेस्टीज पब्लिक स्कूल में संचालित मेस एवं कैंटीन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों का भंडारण खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। साथ ही भोजन निर्माण एवं उपयोग में लिए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट एक वर्ष से अधिक पुरानी पाई गई। मौके से फ्रेंच फ्राइज, तुअर दाल, घी, सोयाबीन तेल, इंस्टेंट खमन मिक्स, रोटी, मिक्स वेज सब्जी एवं चावल के कुल 08 नमूने जांच हेतु लिए गए। निरीक्षण में पाई गई कमियों के संबंध में संस्थान को सुधार सूचना पत्र (नोटिस) जारी किया गया है।
जबकि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर मानपुर, काली बिल्लोद और इंदौर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से 13 नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा मुंशी ढाबा, मानपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आटा, दाल, चावल, नमकीन एवं मसालों के कुल 05 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। इसी प्रकार सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर कृष्णा किराना भंडार, बेटमा रोड, काली बिल्लोद का निरीक्षण कर तुअर दाल का 01 नमूना जांच हेतु लिया गया। अंबिका स्वीट्स एंड नमकीन, बंगाली चौराहा, इंदौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खीर पुरी, स्ट्रॉबेरी स्लाइस मिठाई तथा विभिन्न प्रकार के नमकीन पैक के कुल 07 नमूने जांच हेतु लिए गए।
इसके अलावा पूजा श्री, हम्माल कॉलोनी, इंदौर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की शिकायत पर 2 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से खाद्य सुरक्षा संबंधी शिकायतों की जानकारी तत्काल देने की अपील की है।
