धूल के बवंडर और बारिश से बदला मौसम, भीषण गर्मी से मिली राहत
इंदौर, 1 जून 2026। शहर में सोमवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। करीब साढ़े तीन बजे तेज आंधी और धूल के बवंडर के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिली। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर चादरें और अन्य सामान उड़ गए, वहीं कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
पिछले कई दिनों से इंदौर भीषण गर्मी की चपेट में है। तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। ऐसे में अचानक बदले मौसम और हल्की वर्षा ने वातावरण को कुछ हद तक ठंडा कर दिया तथा लोगों को राहत का अनुभव हुआ।
इस वर्ष इंदौर में गर्मी ने कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। लगातार बढ़ते तापमान के कारण शहर और आसपास के क्षेत्रों में भूजल स्तर में गिरावट दर्ज की गई है। अनेक स्थानों पर बोरवेल सूखने लगे हैं, जिससे पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। जल आपूर्ति को लेकर नागरिकों की चिंता बढ़ी हुई है।
मौसम में आए इस बदलाव के बाद अब लोगों की निगाहें मानसून पर टिकी हैं। नागरिकों को उम्मीद है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून जल्द ही प्रदेश में दस्तक देगा और बारिश का दौर शुरू होने से गर्मी एवं जल संकट से राहत मिलेगी।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।