मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा: इंदौर से जुलाई में बस संचालन शुरू, 150 ई-बसें भी दौड़ेंगी
इंदौर, 1 जून। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा के तहत बस संचालन की शुरुआत सबसे पहले इंदौर क्षेत्र से की जाएगी।
इंदौर जनसंपर्क द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति अनुसार इंदौर संभाग के सभी जिलों को शामिल करते हुए तीन श्रेणियों में बसें संचालित होंगी—इंटरसिटी, सिटी एवं अंतर्राज्यीय। जुलाई से इंदौर शहर में 150 इलेक्ट्रिक बसें भी शुरू की जाएंगी।
मुख्य बिंदु:
- इंदौर क्षेत्र से बस संचालन की शुरुआत जुलाई 2026 में प्रस्तावित।
- इंदौर से प्रदेश के अन्य जिलों के लिए 121 इंटरसिटी मार्ग चिन्हित।
- इन मार्गों पर 608 बसों का संचालन प्रस्तावित।
- इंदौर शहर और उपनगरीय क्षेत्रों के लिए 28 सिटी बस मार्ग तय।
- सिटी रूट पर कुल 784 बसें चलेंगी, जिनमें 150 ई-बसें शामिल।
- महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लिए 101 अंतर्राज्यीय मार्ग निर्धारित।
- अंतर्राज्यीय रूट पर 276 बसों का संचालन होगा।
- इंदौर क्षेत्र में कुल 250 मार्गों पर 1,688 बसें संचालित करने की योजना।
- पूरे प्रदेश में 7 क्षेत्रीय मुख्यालयों से 1,164 मार्गों पर 5,206 बसें संचालित होंगी।
- वर्तमान निजी बस संचालकों के परमिट पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
- राज्य स्तरीय कंपनी एवं 7 क्षेत्रीय सहायक कंपनियों में कुल 1,190 पद सृजित करने को मंजूरी।
- पदों की भर्ती चरणबद्ध तरीके से अगले 4 वर्षों में की जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बस सेवाओं और यात्री सुविधाओं का विकास संबंधित कलेक्टरों एवं नगरीय निकायों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके।
