एमपी लोक सेवा आयोग में प्रश्न रचना व मूल्यांकन पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला सम्पन्न

इंदौर, 29 मार्च:

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा ‘आयोग की भर्ती परीक्षाओं में प्रश्न रचना एवं मूल्यांकन में गुणवत्ता उन्नयन’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।

कार्यशाला के पहले दिन तकनीकी सत्र “विमर्श” का आयोजन आयोग के सदस्य नरेन्द्र कुमार कोटे की अध्यक्षता में हुआ। इस सत्र में वाणिज्य एवं प्रबंधन, वन, दर्शनशास्त्र, आयुर्वेद, प्राणिकी, होम्योपैथी, उद्यमिता, मनोविज्ञान, कृषि विज्ञान सहित विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों ने भाग लेकर प्रश्न निर्माण और मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए। साथ ही, प्रश्नपत्रों की कठिनाई, सटीकता और गुणवत्ता सुधार पर विशेष चर्चा की गई।

तकनीकी सत्र के बाद आयोग के उप सचिव नियंत्रण गोविन्द उज्जैनकर के नेतृत्व में खुला सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे और विषय विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम का अंतिम सत्र समापन एवं सम्मान समारोह के रूप में आयोजित हुआ, जिसमें आयोग के अध्यक्ष एवं अन्य अधिकारियों ने विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया। प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा आयोग के सचिव द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस दो दिवसीय कार्यशाला में देश के 10 राज्यों के विषय विशेषज्ञों की सहभागिता रही। समापन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें इंदौर के ‘उज्ज्वला समूह’ द्वारा पारंपरिक नृत्य, गिद्धा और वादन की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।