कुआलालंपुर में ASEAN महापौर सम्मेलन में इंदौर के स्वच्छता मॉडल की प्रस्तुति

कुआलालंपुर (मलेशिया), 13 अगस्त 2025। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित ASEAN (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संघ) महापौर सम्मेलन में इंदौर के स्वच्छता मॉडल की सराहना हुई। भारत सहित इंडोनेशिया, थाईलैंड, फिलीपींस और मलेशिया के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की मौजूदगी में विकास दिवस के अवसर पर स्वच्छता मॉडल पर कार्यशाला आयोजित की गई।

इंदौर नगर निगम की ओर से स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल और जलकार्य प्रभारी अभिषेक बबलू शर्मा ने इंदौर की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सौरभ माहेश्वरी, श्रद्धा और अमित दुबे भी उपस्थित रहे।

अश्विनी शुक्ल ने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता में “सुपर से ऊपर” का स्थान प्राप्त किया है। 4800 शहरों में से चुने गए 75 शहरों की विशेष लीग में इंदौर ने लगातार प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय जागरूक नागरिकों और सफाई मित्रों को दिया।

सम्मेलन में इंदौर मॉडल को विकासशील देशों में शहरी स्वच्छता का आदर्श उदाहरण बताया गया। आयोजन 10 से 15 अगस्त तक कुआलालंपुर कन्वेंशन सेंटर में हो रहा है, जिसमें Indo-German Delegation भी भाग ले रही है। यह कार्यक्रम Urban-Act पहल के अंतर्गत लो-कार्बन विकास, जलवायु अनुकूलन और सतत शहरी मॉडल पर केंद्रित है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।