बैंक खाते “किराये” पर देकर ठगी की रकम USDT में बदलकर चीनी कंपनियों तक भेजी जा रही थी
इंदौर, 29 दिसंबर 2025: इंदौर पुलिस ने साइबर ठगी के लिए बैंक खाते “किराये” पर उपलब्ध कराने वाले एक संगठित अंतरराज्यीय-अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना एरोड्रम क्षेत्र से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कमीशन के लालच में युवाओं के बैंक खातों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की रकम को क्रिप्टोकरेंसी (USDT) में बदलकर चीनी कंपनियों तक भेज रहे थे।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम ब्रांच) राजेश दंडोतिया ने बताया कि कृष्णबाग कॉलोनी निवासी फरियादी से शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर ₹1.63 लाख की ठगी के मामले में तकनीकी जांच के दौरान नेटवर्क का खुलासा हुआ। खाताधारक तोफिक रहमानी की गिरफ्तारी के बाद मुख्य सूत्रधार हिमांशु वर्मा सहित फरहान, जितेंद्र रावल और प्रवीण चौहान को भी पकड़ा गया।
आरोपियों के पास से 15 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस रिमांड पर लेकर कुल लेन-देन, मनी ट्रेल और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि फर्जी जॉब ऑफर से सावधान रहें और अपने बैंक विवरण किसी को न दें।
जनहित में अपील (Public Advisory)
इंदौर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि —
सोशल मीडिया पर मिले जॉब के झूठी पोस्ट पर विश्वास न करें, व संपर्क करने से पहले जॉब की सच्चाई जान ले
अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड या ओटीपी किसी को भी उपयोग हेतु न दें।
यदि आपके खाते का उपयोग अपराध में हुआ तो आप भी कानूनी रूप से दोषी माने जा सकते हैं।
किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑफर की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन पर दें।
