क्लासिकल संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक वेशभूषा से सजा उत्सव, ‘IIPS संवाद’ का चौथा अंक भी हुआ जारी

इंदौर, 24 मार्च 2026 :

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (IIPS) में हिंदू नववर्ष और ट्रेडिशनल डे का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई रहे।
इस अवसर पर संस्थान परिसर में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया।

कॉलेज से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुलगुरु डॉ. सिंघई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि माँ अहिल्या का जीवन लोककल्याण, न्यायप्रियता और आदर्श शासन का प्रतीक है, जिससे युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। क्लासिकल गायक मन मटाई ने बैरागी भैरव, तिलक कामोद और देस राग में मनमोहक गायन प्रस्तुत किया। उनके साथ संगम वर्मा ने तबले और प्रद्युम्न हरने ने हारमोनियम पर संगत दी। इसके अलावा विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक और सुगम संगीत की प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना दिया।
हिंदू नववर्ष के स्वागत में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षक और विद्यार्थी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए, जिससे परिसर में भारतीय संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी।


इस मौके पर संस्थान के न्यूज़लेटर ‘IIPS संवाद’ के चौथे वॉल्यूम की प्रति भी प्रोफेसर डॉ अंशु भाटी द्वारा कुलगुरु को भेंट की गई। इस अंक का विषय ‘भारत के त्यौहार’ रखा गया है। कुलगुरु ने संस्थान द्वारा शैक्षणिक और पाठ्येतर गतिविधियों के दस्तावेजीकरण के इस प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक डॉ. यामिनी करमरकर और उत्सव समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।