इंदौर में पानी पर सियासत तेज, महापौर बोले- कांग्रेस शहर को बदनाम कर रही
इंदौर, 29 मई 2026 : स्वच्छ इंदौर में 29 मई 2026 का दिन पानी की राजनीति के नाम रहा । सुबह कॉंग्रेस ने इंदौर प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित की जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लिए गए 240 पानी के सैंपलों में 90 प्रतिशत को संक्रमित बताया। शाम को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सचिवालय में प्रेस वार्ता लेकर कॉंग्रेस के आरोपों का काउंटर करते हुए कॉंग्रेस द्वारा जारी जल रिपोर्ट को फर्जी, झूठी और शहर को बदनाम करने का दावा किया।
महापौर ने तंज़ कसते हुए सवालिया लहजे में कहा कि यदि शहर के 90 प्रतिशत जल दूषित है तो कॉंग्रेस नेता चिंटू चौकसे, जीतू पटवारी बीमार क्यों नहीं पड़े ? आपको बता दें कि 7 विधान सभा क्षेत्रों के 29 वार्डों से लिए गए 240 सैंपल में 90 प्रतिशत सैंपलों को फेल बताने की रिपोर्ट को साझा किया गया ।
महापौर ने पलटवार करते हुए सवाल किया कि कॉंग्रेस का दावा है कि फरवरी के पहले सप्ताह में उन्होने ये कथित पानी के सैंपल किए तो रिपोर्ट को 3 महीने बाद क्यों जारी किया । ऐसे सैंपल को इंदौर में कहीं भी टेस्ट हो जाते और दो दिन में रिपोर्ट आ जाती फिर कॉंग्रेस 3 महीने रिपोर्ट क्यों दबा कर रखी। कॉंग्रेस ने जब सैंपल लिए तो निगम के कर्मचारियों को साथ रखती तो वैज्ञानिक तरीके से सही तरह से सैंपल लिए जाते, प्लास्टिक की बोतलों में सैंपल नहीं लिए जाते।
महापौर ने कॉंग्रेस पर ओछी राजनीति करने के आरोप लगाए और कहा कि कॉंग्रेस शहर को सुनियोजित तरीके से बदनाम कर रही है।
शहर की पानी की टंकियों के पूरी क्षमता से नहीं भरे जाने और उन्हीं से जल टैंकर भरे जाने के newso2 के प्रतिनिधि के प्रश्न पर महापौर ने स्वीकारा कि टंकी पूरी क्षमता से नहीं भरी जा रही है क्योंकि शहर के कई हजार सरकारी बोरिंग सूख गए हैं लिहाजा उन क्षेत्रों में भी टैंकरों से जल सप्लाई करवानी पड़ रही है जहां नर्मदा नहीं है।
शहर में पानी की जरूरत के एक प्रश्न के जवाब में महपौर ने उत्तर देते हुए कहा कि वर्तमान में इंदौर की अधिकतम क्षमता 380 एमएलडी पानी की है जबकि जरूरत 510 एमएलडी की है। 2035 तक कम से कम 800 एमएलडी पानी की जरूरत पड़ेगी। जनसंख्या बढ्ने पर 2040 तक कम से कम एक हजार एमएलडी पानी की जरूरत पड़ेगी। महापौर ने दावा किया कि इसलिए इस चौथे चरण में हमने जो इंटेक वेल बनाया वो 1600 एमएलडी का बनाया। वाटर ट्रीट करने की क्षमता 1000 एमएलडी की और वहाँ से करीब करीब 500 एमएलडी पानी अतिरेक आएगा।
कॉंग्रेस द्वारा महापौर को कोर्ट में जल रिपोर्ट को चुनौती देने के प्रश्न पर महापौर ने कहा कि वे जनता की अदालत में जवाब दे रहे हैं। आपको बता दें जीतू पटवारी ने कहा था कि यदि कॉंग्रेस द्वारा जारी जल रिपोर्ट झूठी हो तो माहपौर उसे कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं वरना सच स्वीकार कर पूरे शहर का वाटर ऑडिट कराएं।
