मेडिकल कॉलेजों में होगा अध्ययन-अध्यापन : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

इंदौर , 01 फरवरी 2026 : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में बनने वाले सभी शासकीय चिकित्सालयों के भवनों में गर्भ संस्कार कक्ष बनाए जाएंगे। साथ ही प्रदेश के चिकित्सा विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध महाविद्यालयों में गर्भ संस्कार के अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शीघ्र ही गजट नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. यादव 1 फरवरी को इंदौर में आयोजित गर्भ संस्कार का विज्ञान’ कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे।

नॉर्मल डिलीवरी और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि आरोप लगते रहते हैं कि निजी अस्पतालों में सर्जरी से अधिक डिलिवरी होती हैं, ऐसे में गर्भ संस्कार का महत्व और बढ़ जाता है। उन्होने कहा कि उनकी बेटी स्त्री रोग विशेषज्ञ है और वह जिन गर्भवती महिलाओं का चेक अप करती है, उन्हें गर्भ संस्कार सिखाती है ताकि ज्यादा से ज्यादा नॉर्मल डिलीवरी हों और स्वस्थ, संस्कारित संतति का जन्म हो। उन्होने कहा कि राज्य सरकार आयुष्मान भारत योजना एवं आयुष मंत्रालय के माध्यम से गर्भ संस्कार को संस्थागत रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। भविष्य में अस्पतालों के डिज़ाइन में गर्भ संस्कार कक्ष भी शामिल किए जाएंगे।

सीएम यादव ने आयुर्वेदिक शिक्षा के विस्तार की जानकारी देते हुए दावा किया कि आज़ादी के बाद पहली बार प्रदेश में 13 नए आयुर्वेदिक कॉलेज प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया, जिनमें से 8 आयुर्वेदिक कॉलेज एक वर्ष के भीतर शुरू हो चुके हैं।

कोविड काल में समन्वित चिकित्सा दृष्टिकोण का उदाहरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कोविड काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन समय में आयुर्वेद और एलोपैथी दोनों चिकित्सा पद्धतियों ने मिलकर मानवता की सेवा की, जो भारत के समन्वित चिकित्सा दृष्टिकोण का प्रमाण है। उन्होंने पारंपरिक भोजन, रसोई के औषधीय गुणों और ग्रामीण जीवनशैली की वैज्ञानिक उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।

उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गर्भ संस्कार के प्रचार-प्रसार का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यह प्रयास न केवल परिवारों को सशक्त बनाएगा, बल्कि देश को संस्कारित, सुरक्षित, सक्षम और समृद्ध बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा

इस दौरान सीएम ने डॉ अनिल गर्ग और सीमा गर्ग द्वारा रचित ‘गर्भ संस्कार का विज्ञान’ पुस्तक का भी विमोचन किया। मंच संचालन डॉ संध्या चौकसे ने किया।

भारत बनेगा सुपर राष्ट्र- भय्याजी जोशी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ भय्याजी जोशी ने कहा कि भारत का चिंतन विश्व को संचालित करने का नहीं, बल्कि मार्गदर्शन करने का है। भारत एक ऐसा “सुपर राष्ट्र” बनेगा, जो जीवन के विविध क्षेत्रों में दुनिया को सही दिशा दिखाएगा। उन्होंने कहा कि केवल शिक्षा या भौतिक संपदा से नहीं, बल्कि सुशिक्षा और सुसंस्कार से ही श्रेष्ठ मानव का निर्माण संभव है

पद्मश्री डॉ. नारायण व्यास का सम्मान

मुख्यमंत्री ने 2026 में प्राप्त करने वाले पद्मश्री डॉ. नारायण व्यास का सम्मान भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मंच पर आरोग्य भारती के अशोक वार्ष्णेय,  योगेंद्र महंत, गुणवंत कोठारी, विनोद अग्रवाल, विक्रम सिंह पवार, डॉ. हितेश भाई जानी, राधेश्याम शर्मा गुरु जी एवं डॉ. अनिल कुमार गर्ग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेन्द्र हार्डिया, मालिनी गौड़, गोलु शुक्ला, भाजपा नेता जीतू जिराती सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।